Add Your Website Story +91-9770460446
आचार्य सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में मेरठ जैन समाज का भव्य समारोह
Latest News

आचार्य सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में मेरठ जैन समाज का भव्य समारोह

मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी द्वारा भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।

आचार्य श्री के मंच पर मंगल आगमन के साथ ही पूरा परिसर गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की गई। इसके बाद आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रद्धालुओं को सन्मार्ग, धर्म और समाज सेवा के पथ पर चलने की प्रेरणा देते हुए मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

समारोह में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए जैन समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की।

मंत्री श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सम्मान के लिए जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा जैन समाज की अहिंसा, करुणा, त्याग एवं उच्च नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवनशैली की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवनशैली को प्रेरणादायक बताते हुए समाज के जनहितैषी प्रयासों, उत्थान एवं कल्याणकारी कार्यों में सदैव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, श्री सुरेंद्र जैन, श्री योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर श्री नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

 

भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ